जयपुर : भाजपा के बाद अब कांग्रेस MLA और मंत्री भी देंगे कोविड फंड में अपना एक महीने का वेतन

कोरोना से इस जंग में हर कोई अपनी तरफ से मदद करने को तैयार हैं और अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहा हैं। इसके लिए सरकार ने भी विधायकों का फंड कम कर दिया हैं। अब कांग्रेस MLA और मंत्री भी कोविड फंड में अपना एक महीने का वेतन देंगे। सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने सभी कांग्रेस विधायकों को CM के आदेश का हवाला देते हुए एक महीने का वेतन कोविड फंड में देने का मैसेज किया है। मुख्यमंत्री ने सभी कांग्रेस विधायकों को एक महीने का वेतन कोविड फंड में देने का निर्देश दिया है। भाजपा विधायक पिछले महीने ही एक माह का वेतन कोविड मैनेजमेंट के लिए देने की घोषणा कर चुके हैं। इससे पहले पूर्व विधायक संघ ने भी एक महीने की पेंशन CM रिलीफ फंड में देने की घोषणा की थी। IAS और RAS अफसर भी तीन दिन का वेतन CM रिलीफ फंड में दे चुके हैं।

विधायक को हर महीने 40 हजार रुपए, कैबिनेट मंत्री को 65 हजार रुपए और राज्य मंत्री को 62 हजार रुपए हर महीने का वेतन मिलता है, इसमें भत्ते अलग होते हैं। CM रिलीफ फंड में वेतन देने का ही फैसला हुआ है। अभी 10 कैबिनेट मंत्री और 10 राज्य मंत्री हैं। सभी कैबिनेट और राज्य मंत्रियों का एक महीने का वेतन 12 लाख 70 हजार और 86 विधायकों का वेतन 34.40 लाख रुपए का वेतन होता है। इस तरह कोविड फंड में कांग्रेस विधायकों और मंत्रियों का वेतन मिलाकर 47.10 लाख रुपए जमा होंगे।