पूरा उत्तर प्रदेश इस दहशत की गिरफ्त में!

मथुरा-आगरा से शुरू हुई महिलाओं की चोटी काटे जाने की दहशत अब पुरे उत्तर प्रदेश तक फैलती दिखाई दे रही है। गुरुवार को भी ताजा घटनाएं बुलंदशहर और शाहजहांपुर से सामने आई हैं।
बुलंदशहर जिले के दो गांवों में तीन महिलाओं की चोटी काट ली गई। थाना नरसेना के गांव यूनिसपुर में गुरुवार रात महिला बिलकिश और जयश्री अपने-अपने घरों में आराम कर रही थीं। तभी अचानक इन दोनों महिलाओं की चोटी कट गई। इससे महिलाओं में दहशत है। घटना की जानकारी थाना पुलिस को भी दी गई है।

ऐसी ही एक और घटना ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट में घर में सो रही महिला मिथलेश के साथ भी हुई, कमरे में महिला बेहोशी की हालत में मिली। शुक्रवार की सुबह जब इस खबर का पता चला तो पुरे गांव में यह खबर आग की तरह फेल गई जिससे पुरे गांव में दहशत का माहौल है।

शाहजहांपुर में भी चोटी कटने की तीसरी घटना तिलहर के मलूकापुर गांव में घटी। जहां ओमवती पत्नी सुरेश गंगवार के रात में सोते समय कोई चोटी काट गया। इससे पहले तिलहर के ही मौजमपुर में नूर फात्मा और जैतीपुर में भी रोशनी नाम की लड़की की चोटी काटने की घटना हो चुकी है।
हर तरफ अफवाहें फैल रही हैं, जिसकी वजह से पुलिस भी खासी टेंशन में है। अंधविश्वास को लेकर लोग तरह-तरह के जतन करते नजर आ रहे हैं। डीजीपी ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।