मुख्यमंत्री गहलोत की सराहनीय पहल, छोटे उद्यमियों का बकाया ऋण माफ कर दी बड़ी राहत

इस कोरोना काल में लोगों को कई प्रकार की आर्थिक परेशानियों का सामने करना पड़ रहा हैं, खासतौर से दस्तकारों, बुनकरों, कुटीर एवं लघु उद्योगों से जुड़े छोटे उद्यमियों को। ऐसे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सराहनीय पहल के तहत महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऐसे लोगों के दो दशक से लंबित बकाया ऋण माफ कर उन्हें बड़ी राहत दी हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उद्योग विभाग की विभिन्न ऋण योजनाओं के लाभार्थी दस्तकारों और छोटे उद्यमियों पर बकाया लगभग 8.04 करोड़ रूपये की राशि माफ करने का निर्णय लिया है।
गहलोत ने इस संबंध में उद्योग विभाग के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है, जिसके तहत 9 योजनाओं के कुल 6,248 ऋणियों की बकाया ऋण एवं ब्याज राशि माफ की जाएगी। बकाया ऋण माफी की यह योजना एकबारीय है। मुख्यमंत्री ने राज्य बजट वर्ष 2021-22 में लगभग 3,000 उद्यमियों के बकाया ऋण माफ करने की घोषणा की थी। इस घोषणा की अनुपालना में दोगुने से भी अधिक कुल 6,248 उद्यमियों के ऋण के मूलधन के रूप में लगभग 1.45 करोड़ रूपए तथा मार्च 2021 की अवधि तक ब्याज के रूप में 6.59 करोड़ रूपए की बकाया राशि माफ की जाएगी।