भारत और चीन के बीच स्थिति गंभीर, अमेरिका दोनों की मदद के लिए तैयार: ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारतीय-अमेरिकी वोटरों को अपनी तरफ लाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। ट्रंप ने शुक्रवार को एक चुनावी सम्बोधन के दौरान भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और उन्हें अपना मित्र बताते हुए कहा कि वे काफी अच्छा काम कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा भारत के लोग महान हैं। उन्होंने एक शानदार नेता को चुना है। उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय लोगों और पीएम मोदी का समर्थन प्राप्त है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि अधिकांश भारतीय- अमेरिकी उन्हें ही वोट करेंगे।

ट्रम्प ने कहा कि पश्चिमी हिमालय से गुजरने वाली पर्वत सीमा को लेकर भारत और चीन के बीच विवाद को सुलझाने में अमेरिका मदद के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि 'हम चीन और भारत के संबंध में मदद करने के लिए तैयार हैं। अगर हम कुछ भी कर सकते हैं, तो हम इसमें शामिल होना और मदद करना पसंद करेंगे।'

इस दौरान ट्रंप ने चीन पर भी हमला बोला। ट्रंप ने कहा, 'मौजूदा वक्त में चीन ऐसा देश है, जिसकी चर्चा रूस से ज्यादा होनी चाहिए क्योंकि चीन जो काम कर रहा है काफी बदतर है। ट्रंप ने फिर एक बार कोरोना वायरस पर तंज कसते हुए इसे चाइना वायरस बताया और कहा कि दुनिया को देखना चाहिए कि चीन ने वायरस को लेकर क्या किया। दुनिया में उसने 188 देशों के साथ क्या किया है, इसे देखा जाना चाहिए।'

चीन की चालाकी को पूरी दुनिया समझ रही: ट्रंप

सीमा पर भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अभी बहुत ही खराब स्थिति है। ट्रंप ने कहा कि यह स्थिति (भारत-चीन तनाव) गंभीर है और हम भारत और चीन की मदद में खड़े हैं। अगर हम कुछ कर सकते हैं तो दोनों की मदद करने में हमें खुशी होगी। ट्रंप ने कहा कि भारत-चीन तनाव के मुद्दे पर उनकी दोनों देशों के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि चीन की चालाकी को पूरी दुनिया समझ रही है।