Chhattisgarh News: अपने ही बम से मारा गया नक्सली, ब्लास्ट हुआ तो पेड़ पर लटके मिले चीथड़े

कांकेर के आमाबेड़ा में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के चक्कर में खुद नक्सली शिकार बन गया। सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए नक्सली बम लगा रहा था तभी ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के बाद नक्सली के शव के चीथड़े पेड़ पर लटके मिले। इस ब्लास्ट में दो अन्य घायल भी हुए है। इस घटना के बारे में नक्सलियों ने खुद जानकारी दी। उन्होंने पर्चे फेंके और पोस्टर लगाए। ये पर्चे उत्तर बस्तर डिवीजनल कमेटी के प्रवक्ता सुखदेव कावड़े ने जारी किए। इनके जरिए बताया गया कि 18 फरवरी को आमाबेड़ा के चुकपाल गांव में सुबह 6:15 बजे एक हादसा हुआ। फोर्स को उड़ाने के लिए बम लगाते वक्त विस्फोट हो गया। इसमें कांकेर के आलदंड, कंदाड़ी निवासी सोमजी उर्फ सहदेव वेड़दा की मौत हो गई। यह डीवीसी मेंबर था।

चुकपाल के इलाके में जहां विस्फोट हुआ वहां आसपास में कई प्रेशर बम लगाए गए थे। विस्फोट के बाद नक्सलियों ने ये बम वापस निकाल लिए। इससे छोटे-छोटे गड्ढे हो गए हैं। यहां से कुछ दूरी पर बोड़ागांव में बीएसएफ का कैंप है।

बड़े हमले की थी तैयारी

गश्त पर निकलने वाले जवान वापसी में कैंप करीब आने पर कभी-कभी कहीं रुककर आराम करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नक्सलियों ने प्रेशर बम लगाए थे। इतनी ज्यादा संख्या में प्रेशर बम प्लांट किए गए थे और नक्सलियों की तैयारी बड़े हमले की थी।