छत्तीसगढ़ के सुकमा में CRPF कैंप में एक जवान ने अपने ही साथियों पर की फायरिंग, 4 की मौत, 3 घायल

छत्तीसगढ़ के सुकमा से बड़ी खबर सामने आई है। यहां जिले के मरईगुड़ा के लिंगनपल्ली कैम्प में CRPF 50 बटालियन के जवानों के बीच हिंसक झड़प हुई। एक जवान ने अपने साथी जवानों पर गोली चला दी है। इस घटना में मौके पर चार जवानों की मौत हो गई है, जबकि 3 घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी और मामला इतना बढ़ गया कि एक जवान ने ​ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी।

वारदात में कई जवान घायल हो गए हैं। सभी को रायपुर अस्पताल शिफ्ट किया गया है। इस घटना को लेकर अभी तक वरिष्ठ अधिकारियों का कोई बयान सामने नहीं आया है, हालांकि आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है।

फायरिंग की घटना में मारे गए चार जवानों में से 2 जवान बिहार के रहने वाले थे, जबकि 1 पश्चिम बंगाल का निवासी था। चौथे जवान की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। मृतक जवानों में बिहार निवासी धांजी और राजमणि कुमार यादव व पश्चिम बंगाल निवासी राजीब मंडल के अलावा एक अन्य जवान धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। इनके अलावा जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मात्मा कुमार और मालया रंजन महाराणा घायल हैं।