पूर्व क्रिकेटर और योगी सरकार के मंत्री चेतन चौहान का निधन, कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में थे भर्ती

पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान (73) का रविवार को निधन हो गया है। लगभग 4:30 बजे चेतन चौहान का निधन कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चेतन चौहान कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। पिछले महीने वे संक्रमित हुए थे। उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में चौहान के पास सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय थे। वे दो बार लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।

कोरोना के चलते अब तक यूपी के दो मंत्रियों की जान जा चुकी है। 2 अगस्त को मंत्री कमला रानी वरुण का भी कोरोना के चलते निधन हो गया था। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चेतन चौहान को किडनी और ब्लड प्रेशर से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो गई थीं। जिसके कारण उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। भाई पुष्पेंद्र चौहान ने कहा, 'मेरे बड़े भाई चेतन चौहान ने कोरोना से जंग लड़ते हुए जान गंवाई है। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने भाई के स्वस्थ होने की दुआएं की थी। उनका बेटा विनायक कभी भी आता होगा। उसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।’’ विनायक अपनी मां के साथ ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से गुरुग्राम आ रहे हैं।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ट्वीटः 'चेतन चौहान जी ने खुद को एक शानदार क्रिकेटर और बाद में एक मेहनती राजनीतिक नेता के रूप में प्रतिष्ठित किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक सेवा और बीजेपी को मजबूत करने में प्रभावी योगदान दिया। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना है।'

चेतन चौहान के निधन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चेतन चौहान के निधन को बड़ी क्षति बताया है।

वहीं बीजेपी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी चेतन चौहान के निधन पर शोक जताया है।

क्रिकेट करियर

चेतन चौहान ने टीम इंडिया के लिए 1969 से 1978 के बीच 40 टेस्ट खेले थे। इनमें उन्होंने 31।54 की एवरेज से 2084 रन बनाए। उनका बेस्ट स्कोर 97 रन रहा। चेतन ने 7 वनडे में 153 रन बनाए। चौहान और सुनील गावस्कर की ओपनिंग जोड़ी 1970 के दशक में काफी सफल रही थी। दोनों ने मिलकर 10 शतकीय साझेदारियां कीं और 3 हजार से ज्यादा रन बनाए। चेतन घरेलू क्रिकेट में दिल्ली और महाराष्ट्र की टीम से खेले थे।

राजनीतिक करियर

क्रिकेट के बाद चेतन चौहान ने राजनीति में अपनी पारी की शुरुआत की। चेतन चौहान भारतीय राजनीति में सक्रिय भूमिका अदा कर रहे थे। चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। 1991 और 1998 के चुनाव में वह बीजेपी के टिकट पर सांसद बने थे। फिलहाल चेतन चौहान उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री पद पर थे।