RLD अध्यक्ष अजीत सिंह का 82 साल की उम्र में कोरोना से निधन, गुरुग्राम के अस्पताल में ली आखिरी सांस

राष्ट्रीय लोक दल (Rashtriya Lok Dal) प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे अजित सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। 82 साल के चौधरी अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे और गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे वहीं, उन्होंने आखिरी सांस ली। फेफड़े में संक्रमण फैलने से उन्हें निमोनिया भी हो गया था। पिछले दो दिनों से उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। अजीत सिंह के निधन से राजनैतिक गलियारे में शोक की लहर हैं।

जाट समुदाय के बड़े नेता थे चौधरी अजित सिंह

अजीत सिंह का जन्म 12 फ़रवरी 1939 को मेरठ में हुआ था। वे पूर्व प्रधानमंत्री और देश के बड़े किसान नेता चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। वे भारतीय राजनीति के एक बड़े चेहरे थे। अजित सिंह का दबदबा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में काफी ज्यादा देखने को मिलता रहा है। वे जाटों के बड़े नेता माने जाते रहे हैं। वे कई बार केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। पिछले 2 लोकसभा चुनाव और 2 विधानसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय लोकदल का ग्राफ तेजी से गिरा। यही वजह है कि वे अपने गढ़ बागपत से भी लोकसभा चुनाव हार गए। अजित सिंह के सुपुत्र जयंत चौधरी भी मथुरा लोकसभा सीट से चुनाव हारे। मौजूदा समय में वे किसान नेताओं के बड़े नेताओं में शुमार थे। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी, बीजेपी समेत तमाम राजनीतिक दलों ने शोक जताते हुए इसे भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति बताया है।

समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा, 'राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद! आपका यूं अचानक चले जाना किसानों के संघर्ष और भारतीय राजनीति में कभी ना भरने वाली जगह छोड़ गया है। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना! दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान।'