राजस्थान : बूंदी में 30 बारातियों की बस नदी में गिरी, 24 की मौत

राजस्थान के बूंदी जिले में पापड़ी गांव के पास एक दर्दनाक हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई। पांच घायलों को कोटा रेफर किया गया है। बुधवार सुबह बारातियों को ले जा रही एक बस नदी में गिर गई। बस में 30 यात्री सवार थे। बारात कोटा से सवाईमाधोपुर जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की गई। माना जा रहा है कि बस नियंत्रण खोकर नदी में जा गिरी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया है- 'बूंदी में हुए दर्दनाक हादसे के बारे में जानकर बेहद दुख हूं, जिसमें बस मेज नदी में गिरने से 24 लोगों की जान चली गई। मेरी सांत्वना उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने लोगों को हादसे में खो दिया। मैं सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक रास्ते में बूंदी जिले के लखेरी में पापड़ी गांव के पास एक पुल पर सुबह करीब 10 बजे बस चालक का नियंत्रण खो गया और बस मेज नदी में जा गिरी। घटना के बारे में पता चलते है स्थानीय लोग मदद को दौड़े और लोगों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। इसके बाद सीनियर पुलिस अधिकारी और राहत एवं बचावकर्मी भी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखेरी के सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार का कहना है कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 10 ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मरने वालों में 10 महिलाओं और 3 बच्चे शामिल हैं। बताया गया है कि जिस पुल पर यह हादसा हुआ उस पर कोई रेलिंग नहीं थी।