झारखंड : देवघर में इमारत ढही, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

देवघर। झारखंड के देवघर जिले में रविवार सुबह ढही दो मंजिला इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने बताया कि चार लोगों को बचा लिया गया है और कुछ अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है। इमारत सुबह करीब 6 बजे ढह गई।

सुबह करीब छह बजे देवघर कस्बे में ढही इमारत के मलबे से चार लोगों को बचाया गया। बचाव अभियान के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम को तैनात किया गया है।

देवघर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ऋत्विक श्रीवास्तव ने पीटीआई को बताया, अब तक चार लोगों को बचाया जा चुका है। मलबे में अभी भी कुछ और लोग फंसे हुए हैं। बचाव अभियान जारी है। बचाए गए लोगों को देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अभियान का नेतृत्व कर रहे एनडीआरएफ इंस्पेक्टर रणधीर कुमार ने कहा कि फंसे हुए लोगों को निकालने के प्रयास जारी हैं।