मतदाताओं से वादा! 'बीजेपी को 1 करोड़ वोट दीजिये, हम 50 रुपये में शराब मुहैया कराएंगे'

आंध्र प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष सोमू वीरराजू ने मंगलवार को विजयवाड़ा में पार्टी की जनसभा को संबोधित करते हुए वादा किया कि अगर बीजेपी आंध्र प्रदेश में सत्ता में आती है तो वह 50 रुपए प्रति क्वार्टर बोतल के हिसाब से ‘गुणवत्ता’ वाली शराब की सप्लाई करेगी। वर्तमान में एक चौथाई बोतल गुणवत्ता वाली शराब 200 रुपए से अधिक में बेची जाती है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में हर व्यक्ति 12 हजार रुपए प्रतिमाह शराब पर खर्च कर रहा है, जो सरकार की ओर से किसी न किसी योजना के नाम पर उन्हें फिर से दिया जाता है। वीरराजू ने कहा कि राज्य में एक करोड़ लोग शराब का सेवन कर रहे हैं और चाहते हैं कि वे एक करोड़ लोग 2024 के चुनाव में बीजेपी को वोट दें। उन्होंने 70 रुपए प्रति बोतल पर ‘गुणवत्ता’ शराब का वादा किया और अगर राजस्व में सुधार हुआ तो इसे 50 रुपए प्रति बोतल के हिसाब से बेचा जाएगा।

वीरराजू ने अजीबो-गरीब वादा करते हुए कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी को एक करोड़ वोट दें। हम सिर्फ 70 रुपए में शराब मुहैया कराएंगे। अगर हमारे पास और राजस्व बचा है, तो सिर्फ 50 रुपए में शराब उपलब्ध कराएंगे।’