बीजद का पलटवार : भाजपा अध्यक्ष को कहा राजनीति का 'ब्लू व्हेल'

ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजद ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर तंज कसते हुए उनकी तुलना जानलेवा ऑनलाइन गेम 'ब्लू व्हेल चैलेंज' से की है। बीजद महासचिव एवं पूर्व मंत्री अरुण साहू ने ओडिशा के युवाओं से अपील की कि वे अमित शाह से अलग रहें क्योंकि वह राजनीतिक ब्लू व्हेल हैं जो लोगों को गलत रास्ता बताते हैं। उन्होंने कहा "शाह असुरों की भाषा बोल रहे हैं।" इससे पहले शाह ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को 'फुंका ट्रांसफार्मर' बताते हुए कहा था कि पूरी तरह राज्य के विकास के लिए लोगों को बीजद सरकार को हटाना चाहिए।

जानते शाह ने क्या कुछ कहा था :-

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2019 विधानसभा चुनाव में ओडिशा से बीजू जनता दल की सरकार को उखाड़कर बंगाल की खाड़ी में फेंक देने और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के लिए पूरी लगन से काम करने की अपील की।

शाह ने कहा, "ओडिशा में भाजपा की प्रगति से नवीन पटनायक की नींद उड़ गई है। उनको रात में भी कमल दिखाई देता है।" ओडिया बोलने में कथित अक्षमता को लेकर भी शाह ने पटनायक पर कटाक्ष किया।

साथ ही शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी सरकार एक बिजली कारखाने की तरह है, लेकिन बिजली पहुंचाने के लिए ट्रांसफॉर्मर और दूसरे चीजों की जरूरत होती है। पटनायक सरकार एक ऐसा ट्रांसफॉर्मर है जो फुंक गया है। अगर ट्रांसफॉर्मर फुंक जाता है जो उसे बदल देते हैं। मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं कि यहां का ट्रांसफॉर्मर उखाड़ फेंकिए।’’ उन्होंने यह भी कहा, "ओडिशा का विकास नवीन पटनायक के बूते की बात नहीं। यहां का विकास भाजपा ही कर सकती है।"