बिहार / डायन का आरोप लगाकर 3 महिलाओं के काटे बाल, मैला पिलाया

देश जहां एक तरफ कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है वहीं दूसरी तरफ मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के डकरामा से लोगों द्वारा तीन महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार करने का मामला सामने आया है। दरअसल, यहां एक ही परिवार की तीन महिलाओं को लोगों ने डायन बताया। जिसके बाद उन तीनों महिलाओं के बाल काटे गए। उन्हें मैला पिलाया गया। इस घटना के बाद खौफ में तीनों महिलाओं ने परिजनों के साथ गांव छोड़ दिया। बताया गया है कि इन महिलाओं के परिवार में ही एक व्यक्ति झाड़-फूंक करता है। गांव में कुछ दिन पहले एक-दो नवजात की मौत के बाद उसके घर की महिलाओं को लेकर अफवाह फैली। इन्हें नवजातों की मौत का जिम्मेदार मान लिया गया। इसके बाद महिलाओं को सबक सिखाने की साजिश हुई। उसके यहां झाड़-फूंक के बहाने अचानक काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए और तीनों महिलाओं को पकड़ लिया। बारी-बारी से तीनों के बाल काट दिए और मैला पिलाया। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद गांव छोड़ कर जा चुकीं महिलाएं इतनी डरी हैं कि अपने ऊपर हुए इस अत्याचार की शिकायत करने थाने तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं। हथौड़ी थाना अध्यक्ष जितेन्द्र देव दीपक ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर थाने से जमादार को गांव में भेजा गया था, लेकिन पीड़ित पक्ष के गांव में नहीं होने के कारण उनका बयान दर्ज नहीं हो सका। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।