बिहार / कोरोना से जंग जीतकर घर लौटी महिला, मोहल्लेवालों ने की बदसलूकी

बिहार के दरभंगा से कोरोना मरीज के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। यहां एक महिला कोरोना को मात देकर जैसे ही अपने घर पहुंची तो लोगों ने मोहल्ले में घुसने से मना कर दिया। ऐसे में जिस एंबुलेंस से महिला अपने घर गई थी, उसी एंबुलेंस से उसे वापस लौटना पड़ा। जैसे ही जिलाधिकारी को इस बारे में पता चला उन्होंने ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

पति-पत्नी दोनों संक्रमित

दरअसल, महिला लॉकडाउन के दौरान अपने पति का इलाज दिल्ली से कराकर दरभंगा लौटी थी। महिला जैसे ही अपने घर लौटी मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दे दी थी। इसके बाद महिला और उसके पति को क्वारनटीन किया गया था और दोनों की कोरोना जांच की गई थी। दोनों पति-पत्नी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। हालांकि, उनके 5 साल के बच्चे की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बाद पति-पत्नी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। तभी से मोहल्ले के लोगों ने इस परिवार का तिरष्कार शुरू कर दिया है। तब महिला के बच्चे को मोहल्ले के लोगों ने रहने नहीं दिया। उसे मोहल्ले में उसके ही घर में रखने पर लोगों ने आपत्ति जताई थी। तब कुछ बुद्धिजीवी लोगों की मदद से बच्चे को एक गुप्त स्थान पर रखा गया था।

आज जब महिला कोरोना को हराकर बिल्कुल स्वस्थ होकर घर लौटी तो लोगों ने उसको मोहल्ले में घुसने से मना कर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी त्याग रंजन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी दोषी मोहल्ले के लोगो पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, महिला अभी भी क्वारनटीन सेंटर में है आर पति अभी भी कोरोना पीड़ित ही है।