बिहार में सोमवार को 187 नए संक्रमित मिले। जिसके बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6 हजार 662 हो गई है। जबकि पिछले 24 घंटे में और 251 संक्रमित कोरोना वायरस को पराजित करने में सफल रहे हैं। राज्य में अब तक कुल 4 हजार 226 संक्रमितों कोरोना को मात दी है। सोमवार को नवादा, मुजफ्फरपुर और मधुबनी में 1-1 संक्रमित की मौत हुई। राज्य में कोरोना से अब तक 42 मौत हो चुकी है। उधर बिहार के मोतिहारी में नगर थाना के 11 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हो गए। कोरोना काल में कोरोना वॉरियर्स के रूप में दिन रात काम करने वाले पुलिसकर्मी अब कोरोना संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। संक्रमितों में नगर थाना के तीन एसआई ,एक चालक, एक डाटा ऑपरेटर और 6 सिपाही शामिल हैं। 11 कर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। सभी पॉजिटिव मिले कर्मियों को थाना में ही क्वारंटाइन किया गया है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पुलिस महकमा के लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जिले में दहशत का माहौल है। नगर थाना पूरी तरह से खाली हो गया है। चन्द पुलिस कर्मियों के भरोसे थाने का काम चल रहा है।
मालूम हो कि पूर्वी चम्पारण में लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इस बीच जिले में अब तक 151 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसमें 120 में कोरोना के नेगेटिव आने के बाद आईसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी गयी है, जबकि एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति की मौत कोरोना पॉजिटिव होने से हुई है। इस बाबत सिविल सर्जन डॉ रिजवान अहमद ने पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे थाना को कन्टेन्मेंट जोन में परिवर्तित कर दिया गया है। साथ ही इन पुलिसकर्मियों के सम्पर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच होगी। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया को तेज किया गया है।बता दे, बिहार में सोमवार को 3 हजार 497 सैंपल की जांच गई जिसमें 187 नए पॉजिटिव मिले। जिसमें मुजफ्फरपुर में 18, पूर्वी चंपारण में 12, मधुबनी में 12, अररिया में 1, अरवल में 3, औरंगाबाद में 7, बांका में 3, बेगूसराय में 10, भागलपुर में 1, दरभंगा में 15, गया में 6, जहानाबाद में 4, कैमूर में 1, खगडिय़ा में 2, किशनगंज में 4, मधेपुरा में 3,नालंदा में4, नवादा में 3, पूर्णिया में 22, सहरसा में 8, समस्तीपुर में1, शिवहर में 1, सीतामढ़ी में 1, सुपौल में 5, पश्चिम चंपारण में 7, जमुई में 2 संक्रमित मिले हैं।