बिहार की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए नितीश सरकार ने लिया एक और बड़ा फैसला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सीएम नीतीश ने आदेश दिया है कि सभी थानों में महिला पुलिस अधिकारी या महिला पुलिस की नियुक्ति की जाए। बता दे, नितीश सरकार महिला सशक्तिकरण को लेकर बेहद संजीदा हैं। हाल में ही राज्य सरकार ने सभी इंजीनियरिंग-मेडिकल कॉलेज में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करने की घोषणा की थी और अब यह नया कदम महिलाओं को और भी सशक्त बनाएगा। बता दे, सीएम नीतीश महिलाओं के हक की आवाज को ताकत देने वाले सीएम के तौर पर पहचान रखते हैं। उन्होंने अपने पहले ही कार्यकाल में पंचायतों में महिलाओं के लिए 50% सीटें आरक्षित करने का फैसला किया था।

महिलाएं खुलकर अपनी तकलीफ बता सकेंगी

शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कानून व्यवस्था से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के सभी थानों में महिला पुलिस अधिकारी या महिला पुलिस की नियुक्ति का आदेश देते हुए कहा कि इससे थाने में शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं का समाधान सहज रूप से हो सकेगा और वे खुलकर अपनी तकलीफ महिला अधिकारी को बता सकेंगी।

पुलिस भर्तियों में महिलाओं के लिए 33% सीटें

सीएम नीतीश ने बिहार में पुलिस भर्तियों में भी महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करने का फैसला किया था। आज बिहार पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या अच्छी-खासी बढ़ी है। एक बार फिर सभी थानों में महिला पुलिसकर्मियों की नियुक्ति का आदेश आधी आबादी को और सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।