उत्तरप्रदेश : बिहार से आए किशोर ने ट्रेन के सामने कूद दी जान, बाइक पर लिखी निजी जानकारी

उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां बिहार से आए किशोर ने भटनी रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक खड़ी की और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले युवक ने बाइक पर एक पर्ची पर पिता का नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखाकर चस्पा कर दिया। बाइक पर लिखे मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ने उसकी पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी। एसओ मईल शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस गई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भटनी वाराणसी रेलखंड पर मईल थाना क्षेत्र के धर्मेर गांव के समीप ट्रेन के सामने कूदकर एक किशोर ने आत्महत्या कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पॉकेट में मिले कागजात के जरिए उसकी पहचान राकेश कुमार मंडल (16) पुत्र उत्तम मंडल, अहियापुर थाना विजयीपुर, बिहार के रूप में हुई। पिता उत्तम मंडल के अनुसार, वह बंगाल प्रांत के रहने वाले हैं। करीब 25 वर्षों से बिहार के अहियापुर में ही रहकर बंगाली दवाखाना चलाते हैं। उनका बेटा पढ़ने लिखने काफी तेज था। सोमवार की भोर में तीन बजे वह अपनी बाइक से भटनी की तरफ निकल पड़ा। भटनी पहुंचकर स्टेशन पर अपनी बाइक खड़ा की और मेरा नाम, मोबाइल, नंबर चस्पा कर किसी ट्रेन के सामने कूद गया।