बिहार में BJP का घोषणापत्र, हर बिहारवासी को मुफ्त में लगाएंगे कोरोना वैक्सीन

भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भूपेंद्र यादव, नित्यानंद राय और अश्विनी चौबे समेत कई नेताओं की मौजूदगी में इसे जारी किया गया। दौरान बीजेपी ने 11 बड़े संकल्प किए हैं और सत्ता में आने पर कई वादों को पूरा करने का दावा किया है। बीजेपी की ओर से नए नारे भी दिए हैं, जिसमें ‘भाजपा है तो भरोसा है’ और ‘5 सूत्र, एक लक्ष्य, 11 संकल्प’ भी शामिल है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भूपेंद्र यादव समेत अन्य नेताओं ने यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। निर्मला सीतारमण बोलीं कि जबतक कोरोना वैक्सीन नहीं आती है, तबतक मास्क ही वैक्सीन है। लेकिन जैसे ही वैक्सीन आएगी तो भारत में उसका प्रोडक्शन बड़े स्तर पर किया जाएगा।
एक लक्ष्य: आत्मनिर्भर बिहार

5 सूत्र

1 - स्वस्थ समाज, आत्मनिर्भर बिहार
2 -शिक्षित बिहार, आत्मनिर्भर बिहार
3 -गांव-शहर, सबका विकास
4 -सशक्त कृषि, समृद्ध किसान
5 -उद्योग आधार, सबल समाज


बिहार के संकल्प पत्र में क्या वादे हैं...

1 - हर बिहारवासी को कोरोना वैक्सीन का निशुल्क टीकाकरण करवाना।
2 -मेडिकल, इंजीनियरिंग समेत अन्य तकनीकी शिक्षा को हिन्दी भाषा में उपलब्ध कराना।
3 -एक साल में पूरे प्रदेश में तीन लाख नए शिक्षकों की भर्ती करना।
4 - नेक्स्ट जेनरेशन आईटी हब में पांच साल में पांच लाख रोजगार।
5 -एक करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का वादा।
6 - एक लाख लोगों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी। 2024 तक दरभंगा एम्स को चालू करवाना।
7 - धान और गेहूं के बाद दलहन की खरीद भी MSP की दरों पर।
8 - ग्रामीण क्षेत्रों तथा शहरी क्षेत्रों के और 30 लाख लोगों को वर्ष 2022 तक पक्के मकान देंगे
9 - 2 साल में 15 नए प्रोसेसिंग उद्योग लगाने का वादा।
10 - अगले 2 वर्षों में मीठे पानी में पलने वाली मछलियों के उत्पादन में राज्य को देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे
11 - किसान उत्पाद संघों की बेहतर सप्लाई चेन बनाना, जिससे 10 लाख रोजगार पैदा होंगे।वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए कहा कि बीजेपी ने अपने सभी वादे पूरे करके दिखाए हैं, ऐसे में हम जो संकल्प ले रहे हैं बिहार की जनता जानती है हम ही पूरा कर सकते हैं। निर्मला सीतारमण ने कहा कि पहले की सरकार के लिए यहां रोजगार देना महत्व ही नहीं था, हमारी सरकार आने के बाद बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाए गए और साथ ही कृषि के क्षेत्र में विकास दर को काफी अधिक बढ़ाया गया।