अस्पताल की बड़ी चूक, कोरोना पॉजिटिव 4 मरीजों को दी छुट्टी, मचा हड़कंप

तमिलनाडु में विल्लुपुरम जिले के एक अस्पताल से बड़ी चूक सामने आई है। यहां मंगलवार को क्लेरिकल गलती की वजह से कोरोना वायरस संक्रमित 4 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस घटना से हड़कंप मच गया है। इस गलती का पता चलने पर अस्पताल के अधिकारी पुलिस के पास पहुंचे। अस्पताल प्रशासन पुलिस की मदद से चार में से तीन मरीजों को वापस बुलाने में कामयाब रहा। लेकिन पुलिस उनमें से एक मरीज की तलाश में जुटी है। अब इस बड़ी चूक से वायरस के फैलने का खतरा कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
पुलिस ने उस व्यक्ति की तलाश में पूरी ताकत झोंक दी है। क्योंकि वह कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति एक बड़ी और गंभीर समस्या को जन्म दे सकता है। वह दिल्ली का एक प्रवासी मजदूर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, लापता मरीज का पता लगाने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं।

इस बड़ी चूक ने अस्पताल प्रशासन पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। तमिलनाडु में कुल 738 कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं, जिनमें चेन्नई में सबसे ज्यादा 81 मरीज हैं। देश की बात करें तो यहां कोरोना के 5,734 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 473 लोग ठीक हो चुके हैं और 166 लोगों की मौत हो चुकी है।