महाराष्ट्र पहुंची भारत जोड़ो न्याय यात्रा, आरक्षण को लेकर महिलाओं से राहुल गांधी ने किया ये वादा

धुले। राहुल गांधी की भारत जोडो न्याय यात्रा आज मणिपुर से होते हुए महाराष्ट्र पहुँच गई है। एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी तो महिलाओं को बिना सर्वे के आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में धूम-धाम के साथ महिलाओं को आरक्षण दिया। लेकिन फिर कहा गया कि सर्वे के बाद आरक्षण मिलेगा और सर्वे 10 साल बाद होगा. लेकिन जैसे ही कांग्रेस की सरकार आएगी, हम बिना सर्वे के आरक्षण देंगे।

दरअसल, कांग्रेस पार्टी की तरफ से देश की आधी आबादी को लगातार साधने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी का मानना है कि अगर उसे चुनावी जीत हासिल करना है, तो महिलाओं में अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी। यही वजह है कि खुद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी बुधवार को 'नारी न्याय' गारंटी का ऐलान किया है। इसके तहत की गई घोषणाओं में कहा गया कि महिलाओं को सरकारी नौकरी में आधी हिस्सेदारी दी जाएगी। उन्हें आर्थिक मदद देने की भी बात कही गई है।

महिलाओं को शिक्षित करने के लिए नियुक्त करेंगे नोडल अधिकारी

महाराष्ट्र के धुले जिले में महिलाओं की रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और मिड डे मील स्कीम में काम करने वाली महिलाओं के लिए बजट में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी दोगुनी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में शिक्षित करने और उनके केस लड़ने के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा।