उदयपुर : दुल्हन को सजाने के लिए स्कूटी पर निकली थी दो बहनें, संतुलन बिगड़ने से नदी में गिरी, डूबी दोनों

उदयपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां दुल्हन को सजाने के लिए स्कूटी पर निकली दो बहनों का संतुलन बिगड़ने से वे नदी में जा गिरी और डूब गई। एक बहिन की लाश निकाली जा चुकी हैं जबकि दूसरी की तलाश की जा रही हैं। दोनों ब्यूटीशियन हैं और बड़गांव की रहने वाली हैं। दोनों बड़गांव से चावंड के लिए निकली। इसी बीच सराड़ा थाना क्षेत्र के बाणा और थरोड़ा के बीच गोमती नदी पुल पर सामने से वाहन आ गया। अचानक वाहन देख स्कूटी चला रही युवती घबरा गई। जिसके चलते असंतुलित होकर दोनों बहनें स्कूटी समेत नदी में गिर गईं। सूचना मिलते ही सराड़ा थानाधिकार अनिल कुमार विश्नोई और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से जशोदा का शव निकाल लिया गया। जबकि रेखा के शव की अब भी तलाश जारी है। दोनों महिलाएं शादीशुदा हैं।

घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। दोनों बहनें गोमती पुलिस से करीब 10 फीट नीचे पानी में जा गिरीं। नदी में 15 से 20 फीट पानी है। दोनों बहनों को तैरना नहीं आता था। इसके चलते दोनों डूब गईं। इनमें से एक का शव निकाल लिया गया। जबकि दूसरी बहन की तलाश जारी है। दोनों बहनों के दो-दो बच्चे हैं।

अब तक मिली जानकारी में सामने आया कि जशोदा जोशी (32) और रेखा जोशी (33) बड़गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर चावंड में दुल्हन को सजाने के लिए स्कूटी से निकली थीं। जहां हादसा हुआ वह पुल क्षतिग्रस्त था। जो घर से करीब 5 किलोमीटर दूर था। दोनों तरफ न रैलिंग है, न ही दीवार। ऐसे में संतुलन बिगड़ने से दोनों सीधी नदी में गिर गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पुल की शिकायत कई बार पीडब्ल्यूडी को दी जा चुकी है। मगर अब तक सुध नहीं ली गई है।