कोरोना के साथ लड़ाई, इस देश ने उतारी सेना, 10 दिन में तैयार किया 4000 बेड का हॉस्पिटल

ब्रिटेन (Britain) में मंगलवार को कोरोना वायरस से रिकॉर्ड तोड़ मौतें दर्ज की गईं। पिछले 24 घंटों में ब्रिटेन में कोरोना से 381 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के 30 मार्च की शाम पांच बजे तक के ट्विटर पेज के मुताबिक ब्रिटेन में अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमितों को 1,789 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को यह आंकड़ा 1,408 था। वहीं, ब्रिटेन में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने सेना बुलाकर 10 दिनों में 4000 बेड का इमरजेंसी हॉस्पिटल तैयार कर लिया है। इसे नाइटेंगल हॉस्पिटल नाम दिया गया है। आज यानी बुधवार से इस हॉस्पिटल में मरीजों का इलाज शुरू भी हो सकता है। इससे पहले चीन ने 10 दिन में एक हजार बेड का हॉस्पिटल बनाया था।
असल में पूर्वी लंदन के डॉकलैंड जिले में एक्सेल कन्वेंशन सेंटर हुआ करता था। कन्वेंशन सेंटर को ही बदलकर हॉस्पिटल बनाया गया है। हॉस्पिटल में दो-दो हजार बेड वाले 2 वार्ड बनाए गए हैं। कर्नल एशलेग ने कहा कि ब्रिटेन की नेशनल हेल्थ सर्विस इस प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रही है। उन्होंने कहा कि मिलिट्री का हमेशा एक ही उद्देश्य होता है- लोगों की जान बचाना। एशलेग ने 1992 में मिलिट्री ज्वाइन की थी और कुछ ही हफ्ते में रिटायर होने वाले हैं। लंदन के अलावा ब्रिटेन मैनचेस्टर, बर्मिंघम और ग्लासको में भी इमरजेंसी हॉस्पिटल तैयार कर रहा है। दुनियाभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ब्रिटेन में अब तक 25,000 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और आने वाले दिनों में ये आकड़ा काफी बढ़ सकता है।