राम मंदिर भूमि पूजन / सवा लाख दीपक के साथ जगमगा उठेगा अयोध्या

देशभर में राममंदिर के भूमि पूजन की चर्चा हैं और इसकी तैयारियां भी बड़े जोर-शोर से चल रही हैं। 5 अगस्त के दिन खुद प्रधानमंत्री मोदी भव्य राम मंदिर का भूमिपूजन करने वाले हैं। अयोध्या में यह दिन दिवाली की तरह मनाया जाना हैं और संपूर्ण अयोध्या राममय नजर आएगी। इसके लिए कई भव्य तैयारियां की जा रही हैं। उन्हीं में से एक हैं सवा लाख दीपक जलाने की योजना जो कि 4 व 5 अगस्त को रामजन्मभूमि समेत अयोध्या के 25 प्रमुख स्थलों पर जलाए जाने है। इसकी जिम्मेदारी अवध विश्वविद्यालय उठा रहा है।

विश्वविद्यालय द्वारा 4 व 5 अगस्त को अयोध्या में करीब सवा लाख दीपक जलाने की योजना बनाई गई है। इस कार्य में अवध विश्वविद्यालय ने करीब तीन सौ वालंटियर्स को लगा भी दिए हैं। इसके साथ ही शहर में जगह-जगह अवध विश्वविद्यालय की टीम द्वारा रंगोली बनाकर रामनगरी को इस तरह सजाएगी कि अयोध्या में राम युग का अहसास हो। खासकर रामजन्मभूमि परिसर में त्रेतायुगीन दृश्य निर्मित करने की योजना है।

अवध विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित ने कहा सदियों के बाद अयोध्या का गौरव लौटने को है। इस क्षण को अयोध्या नगरी ऐतिहासिक बनाना चाहती है। विश्वविद्यालय रामजन्भूमि परिसर सहित शहर के 25 प्रमुख स्थलों पर सवा लाख दीपक जलाएगा। इसका खाका खींचा जा रहा है, 4 व 5 अगस्त को रामनगरी की आध्यात्मिकता शिखर पर होगी।

नगर निगम के आयुक्त नीरज शुक्ला ने बताया कि सीएम योगी के मंशानुसार शहर को भूमि पूजन के दिन रोशनी से आलोकित करने की पूरी तैयारी है। अयोध्या को सजाने, संवारने व स्वच्छ बनाने का काम तेज कर दिया गया है। नयाघाट के प्रवेश द्वारों सहित रेलवे पुल के प्रवेश द्वारों पर भव्य डिजाइनिंग बनाई जा रही है। नगर निगम मंदिरों में दीपोत्सव के लिए 51 हजार दीप जलाएगा। आम लोगों से अपने घरों में दीप जलाने के लिए कहा जा रहा है।