कांग्रेस के अमेठी कार्यालय पर हमला, कारों में तोड़फोड़, भाजपा के गुंडों पर आरोप

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के अमेठी में कांग्रेस कार्यालय पर रविवार आधी रात को हमला हुआ। अज्ञात बदमाशों ने बाहर खड़ी दर्जनों गाड़ियों में तोड़फोड़ की, अफरा-तफरी मचा दी और कुछ ही देर बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, कांग्रेस ने हमले के लिए भाजपा के गुंडों को जिम्मेदार ठहराया है।

एक्स पर कांग्रेस ने एक वीडियो साझा किया जिसमें कार की खिड़कियां टूटी हुई और उसके कांच के टुकड़े जमीन पर बिखरे हुए दिखाई दे रहे हैं। पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अमेठी में हार के डर से हिंसा का सहारा ले रही है। उन्होंने बीजेपी की लोकसभा सीट अमेठी से उम्मीदवार स्मृति ईरानी का भी जिक्र किया।

कांग्रेस की ओर से एक पोस्ट में आरोप लगाया, “यूपी के अमेठी में स्मृति ईरानी और BJP के कार्यकर्ता बुरी तरह डरे हुए हैं। सामने दिख रही हार से बौखलाए BJP के गुंडे लाठी-डंडों से लैस होकर अमेठी में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और अमेठी के लोगों पर भी जानलेवा हमला किया गया है। इस हमले में कई लोग बुरी तरह घायल हैं। घटना के दौरान स्थानीय लोगों की गाड़ियों को भी नुक़सान पहुंचाया गया। इस पूरी घटना के दौरान पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर खड़ा रहा।ये घटना गवाह है कि अमेठी में BJP बुरी तरह हारने वाली है।”

पार्टी नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी इस घटना की निंदा करते हुए भाजपा पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया।

''अपनी हार से बौखलाए भाजपा के गुंडे लाठी-डंडों से लैस होकर अमेठी में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अमेठी के लोगों पर जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले में कई लोग बुरी तरह घायल हुए हैं घटना के दौरान स्थानीय लोगों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पूरी घटना के दौरान पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना रहा।''

यह घटना कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के आज रायबरेली और अमेठी में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की अगुवाई करने से कुछ घंटे पहले हुई है। सबसे पुरानी पार्टी ने शुक्रवार को कई हफ्तों के सस्पेंस को खत्म कर दिया और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को रायबरेली से और पार्टी के वफादार किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से अपना चुनावी उम्मीदवार घोषित किया।

नामों की घोषणा से पहले ऐसी अटकलें थीं कि प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी मैदान में उतर सकती हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस के गढ़ हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, प्रियंका गांधी वाड्रा आज से मतदान खत्म होने तक रायबरेली और अमेठी में ही डेरा जमाए रहेंगी। सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें दौर में 20 मई को रायबरेली और अमेठी दोनों में मतदान होगा।