कोरोना के खिलाफ जंग, दिल्ली में जल्द शुरू होगा एशिया का सबसे बड़ा Covid अस्पलात, 10000 बेड की होगी क्षमता

दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में यहां 10000 बेड की क्षमता वाला कोविड केयर सेंटर अस्पताल बन रहा है। यह अस्पताल गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बैठक के बाद बनाने का फैसला लिया गया। दरअसल, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) ने गृह मंत्री अमित शाह से इस अस्पताल में आईटीबीपी (ITBP) के तैनाती की मांग की थी। इस पर गृह मंत्री ने जवाब दिया था कि पहले ही आइटीबीपी की तैनाती का फैसला हो चुका है। इस कोविड अस्पताल यानि कोविड केयर सेंटर को चार एजेंसियों की मदद से तैयार किया जा रहा है। इन एजेंसियों में केन्द्र सरकार, आइटीबीपी, दिल्ली सरकार और राधा स्वामी सत्संग बेयास शामिल है। इस अस्पताल का संचालन 2 दिन बाद 2000 बेड की क्षमता के साथ शुरू हो जाएगा। वहीं, जुलाई के पहले हफ्ते में यह अपनी पूरी क्षमता 10000 बेड के साथ काम करेगा। एसडीएम महरौली सोनालिका जिवानी इस सेंटर की नोडल ऑफिसर और इंचार्ज हैं। उनका कहना है यहां अलग तरीके के बिस्तर होंगे और वॉशरूम के समुचित इंतजाम होगा।
उन्होंने कहा कि जो सीरियस पेशेंट होंगे उनकी अलग से व्यवस्था है। और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके द्वारा इन्फेक्शन न फैल जाए। यह विश्व के सबसे बड़े कोविड केयर सेंटर में से एक होगा। खास बात यह है कि इस कोविड केयर सेंटर में बिस्तर लकड़ी के बजाय कार्ड बोर्ड के होंगे, जिन्हें महज 5 मिनट में ही तैयार किया जाएगा। उपयोग से पहले इनको डिसइनफेक्ट किया जाएगा। उपयोग होने के बाद उसको डिस्पोज कर दिया जाएगा। ये बिस्तर आसानी से मरीज का वजन वहन कर सकेंगे।

आइटीबीपी की टीम इस कोविड केयर सेंटर में पहुंच गई है। यहां पहुंचने के बाद आइटीबीपी की टीम ने कोविड केयर सेंटर की संचालन व्यवस्था देखनी शुरू कर दी है।दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने भी इस सेंटर का दौरा किया और पानी के गुणवत्ता की जांच की। इसके बात उन्होंने कहा कि इस अस्पताल को तैयार करने में हम पूरी सावधानी बरत रहे हैं। क्वालिटी से कोई भी समझौता नहीं किया जा रहा है। चारों एजेंसियां एक साथ मिलकर काम कर रही हैं। यह एशिया का सबसे बड़ा कोविड केयर सेंटर है। और यह समन्वय का बहुत बड़ा उदाहरण है।