अरुणाचल / चीनी सेना ने किया 5 भारतीयों का अपहरण! विधायक निनॉन्ग ने PMO को किया ट्वीट

भारत और चीन की सेना के तनाव के बीच अरुणाचल प्रदेश से 5 लोगों को चीन की सेना के जरिए अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। अरुणाचल प्रदेश से कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने दावा किया है कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के पांच लोगों का कथित तौर पर चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के जरिए अपहरण कर लिया गया है। कुछ महीने पहले भी इस तरह की घटना हुई थी। चीन की सेना को जवाब देना चाहिए। इस घटना को लेकर निनॉन्ग ने पीएमओ को ट्वीट करते हुए जानकारी भी दी है।

इसके साथ ही कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने अपने ट्वीट के साथ दो स्क्रीनशॉट भी अटैच किए हैं। इनमें उन 5 लोगों के नाम हैं, जिनको अगवा किए जाने का दावा किया जा रहा है। निनॉन्ग एरिंग ने कहा है कि सरकार को चीन पर कार्रवाई करनी चाहिए और चीनी विस्तारवाद नीतियों की जांच करनी चाहिए।

बता दें कि पिछले काफी वक्त से भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव बना हुआ है। चीन ने कई बार भारतीय क्षेत्रों में घुसपैठ की कोशिश भी की है। हाल ही में चीन ने पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे के कुछ भारतीय क्षेत्रों पर कब्जा करने का असफल प्रयास किया है। वहीं भारत ने अतिरिक्त बल और हथियारों को संवेदनशील क्षेत्र में पहुंचा दिया है।

इससे पहले इसी साल जून के महीने में भारत और चीन की सेनाओं के बीच गलवान घाटी में झड़प देखने को मिली थी। इस हिंसक झड़प में कर्नल सहित भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हो गए थे। हालांकि चीन ने अभी तक कोई हताहत का आंकड़ा जारी नहीं किया है। झड़प के बाद से चीन के साथ उत्तरी सीमा पर तनाव बढ़ रहा है।

राजनाथ और चीन के रक्षा मंत्री के बीच 2 घंटे 20 मिनट की बैठक

उधर, एससीओ समिट में शामिल होने रूस दौरे पर गए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंग्हे से मुलाकात की। चीन की ओर से रक्षा मंत्रियों की मुलाकात की पहल की गई थी। लद्दाख में भारत-चीन के बीच करीब चार महीने से जारी तनाव के बीच दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों की यह पहली मुलाकात है। दोनों देश के बीच सीमा पर तनाव खत्म करने को लेकर 2 घंटे 20 मिनट तक बैठक चली।