जुबानी जंग : शिवराज सिंह ने कहा नेहरू 'क्रिमिनल', पलटवार, दिग्विजय सिंह ने कहा - शर्म आनी चाहिए, आप उनके पैरों की धूल भी नहीं

मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर (Jammu-Kashmir) से धारा-370 (Article 370) हटाने के बाद हर तरफ इसकी ही चर्चा है। कांग्रेस (Congress) मोदी सरकार द्वारा लिए इस फैसले पर सवाल उठा रही है।

कश्मीर मामले पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने शनिवार को ओडिशा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) को 'क्रिमिनल (Criminal)' तक कह दिया। शिवराज सिंह ने कहा 'जब भारतीय फौज कश्मीर से पाकिस्तानी कबाइलियों को खदेड़ते हुए आगे बढ़ रही थी, ठीक उसी वक्त नेहरू ने संघर्ष विराम की घोषणा कर दी। इस कारण से जम्मू-कश्मीर का एक-तिहाई हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में रह गया। यदि कुछ दिन और सीजफायर की घोषणा नहीं होती, तो पूरा कश्मीर भारत का होता।' शिवराज ने कहा, 'नेहरू ने जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 लागू किया। भला किसी एक देश में दो निशान, दो विधान (संविधान) और दो प्रधान कैसे अस्तित्व में रह सकते हैं? यह केवल देश के साथ नाइंसाफी नहीं है, बल्कि अपराध भी है।' शिवराज सिंह चौहान के इस बयान के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने उनपर निशाना साधा है।

शिवराज सिंह पर पलटवार करते हुए दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने कहा कि नेहरू के पैरों की धूल भी नहीं हैं शिवराज। शर्म आनी चाहिए उनको। दिग्विजय सिंह ने कहा सरकार ने आर्टिकल 370 हटाकर अपने हाथ आग से जला लिया है। कश्मीर को बचाना हमारी प्राथमिकता है। मैं मोदी जी, अमित साह जी और अजित डोभाल जी से अपील करता हूं कि सावधान रहें वरना हम कश्मीर खो देंगे।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) ने भी शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने ट्विटर पर लिखा, 'देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, जिन्हें आधुनिक भारत का निर्माता, कहा जाता है। जिन्होंने आज़ादी के लिए संघर्ष किया, जिनके किए गए कार्य व देशहित में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनको मृत्यु के 55 वर्ष पश्चात आज अपराधी कह कर संबोधित करना बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय है।'