जम्मू-कश्मीरः बर्फीले तूफान की चपेट में आने से 3 जवान शहीद

उत्तरी कश्मीर में हिमस्खन और भारी बर्फबारी जानलेवा साबित हो रही है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा के मचैल सेक्टर में रिंगबाला इलाके में हिमस्खलन के कारण 3 जवान शहीद हो गए हैं, वहीं एक जवान अभी भी लापता है। माछिल सेक्टर में सेना की कई चौकियां हिमस्खलने की चपेट में आई हैं। जानकारी मिलते ही सेना ने बचाव कार्य शुरू किया। सेना के सूत्रों के मुताबिक रामपुर और गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन की कई घटनाओं की सूचना है। सेना के सूत्रों के मुताबिक, पिछले 48 घंटों में हुई भारी बर्फबारी के कारण, उत्तरी कश्मीर में कई जगह हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 3 सैनिकों ने अपनी जान गंवाई है जबकि एक अभी भी लापता है। सेना के सूत्रों के मुताबिक, हिमस्खलन में फंसे कई जवानों को बचाया भी गया है। वहीं कड़ाके की सर्दी से जूझ रहे जम्मू-कश्मीर में सोमवार को हुई बारिश और बर्फबारी ने लोगों की दुश्वारियां और बढ़ा दी। इस दौरान बारामुला, बांदीपोरा और गांदबरबल में हिमस्खलन में कई मकान दब गए हैं, जबकि भूस्खलन की चपेट में आकर रामबन में एक युवक की मौत हो गई। रियासी के खरोड़ी करूर इलाके में भूस्खलन की चपेट से एक वैन नदीं में गिर गई। इसमें चालक की मौत हो गई, जबकि तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं भूस्खलन के चलते प्रदेश में सौ से अधिक संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं।

कुछ दिन पहले 7 जनवरी को जम्मू और कश्मीर में एलओसी के पास पुंछ जिले में हिमस्खलन हुआ था, जिसमें सेना के एक पोर्टर की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य पोर्टर घायल हो गए थे। पुंछ जिले में 7 जनवरी की रात बर्फीला तूफान आया था। इस दौरान पोस्ट पर तैनात पोर्टर इसकी चपेट में आ गए थे।