IPL 2020 : UAE में MI टीम के साथ दिखाई दिए अर्जुन तेंदुलकर, फैन्स बोले- 'नेपोटिज्म'

जल्द ही सबसे चर्चित लीग आईपीएल के 13वें संस्करण की शुरुआत UAE में होने जा रही हैं। इसके लिए सभी टीम मेहनत के साथ रिलैक्स भी करते नजर आ रहे हैं। हाल ही में, मुंबई इंडियंस के युवा लेग स्पिनर राहुल चाहर द्वारा एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया जिसमें MI का खेमा दिखाई दे रहा हैं। यह तस्वीर तब चर्चा में आई जब इसमें महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन भी दिखाई दिए। कुछ फैन्स को यह रास नहीं आया। मुंबई के खेमे में अर्जुन की तस्वीर देखकर वह भड़क गए और अर्जुन की मौजूदगी को उन्होंने 'नेपोटिज्म' (भाई-भतीजावाद) करार दे दिया।

अर्जुन यहां राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट समेत मुंबई के कुछ अन्य खिलाड़ियों और सपॉर्टिंग स्टाफ के साथ पूल में चिल कर रहे हैं। दीपक चाहर ने यह फोटो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, 'अच्छे मूड में आने के लिए आप सिर्फ एक तैराकी से दूर हैं।' कुछ फैन्स ने इस तस्वीर की तारीफ करने की बजाए यहां अर्जुन को लेकर एक अलग ही ऐंगल निकाल लिया। एक ने लिखा, 'भाई-भतीजावाद चरम पर है।' तो एक ने लिखा, 'यह नेपोटिज्म नहीं है। अर्जुन तेंदुलकर विराट कोहली से बेहतर गेंदबाज हैं।'

वैसे बता दें अर्जुन मुंबई के लिए ही घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं। वह अंडर-19 क्रिकेट में भी मुंबई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा टीम इंडिया की जूनियर टीम के खिलाड़ी के तौर पर वह कई देशों के खिलाफ क्रिकेट खेल चुके हैं। आईपीएल की सभी फ्रैंचाइजियां नेट बोलर के रूप में किसी भी उभरते हुए खिलाड़ी को चुन सकती हैं। अगर इनमें से एक नाम अर्जुन का भी है तो यह कोई गलत नहीं है। इसके अलावा अर्जुन समय-समय पर भारत की महिला और पुरुष टीम को भी नेट में बोलिंग करा चुके हैं।