UK से लौटी महिला छिपकर ट्रेन से दिल्ली से आंध्र प्रदेश पहुंची, जांच में पाया गया कोरोना का नया स्ट्रेन

देश में जहां एक तरफ कोरोना वायरस वैक्‍सीन को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं वहीं, दूसरी तरफ भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन की एंट्री हो चुकी है। अब तक छह मरीजों में यह वायरस मिला है। ये सभी हाल ही में ब्रिटेन से लौटे थे। जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक यूके से करीब 33000 लोग वापस आए। सभी को ट्रैक किया गया और उनका टेस्ट करवाया गया। इनमें से कुल 114 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले थे। जिसके बाद इन सभी के सैंपलों को देश की 10 लैब (कोलकाता, भुवनेश्वर, NIV पुणे, CCS पुणे, CCMB हैदराबाद, CCFD हैदराबाद, InSTEM बेंगलुरु, NIMHANS Bengaluru, IGIB Delhi, NCDC Delhi) में भेजा गया था। इनमें से कुल 6 लोगों के सैंपल में कोरोना का नया स्ट्रेन पाया गया है। इन सभी लोगों को राज्य सरकार द्वारा एक सेल्फ आइसोलेशन रूम में रखा गया है।

वहीं, इस बीच यूनाइटेड किंगडम से लौटी एक महिला जो चुपके से ट्रेन के जरिए दिल्ली से अपने घर आंध्र प्रदेश पहुंच गई थी उसमें भी कोरोना का नया स्ट्रेन पाया गया है। एंग्लो-इंडियन महिला जो पिछले दिनों अपने बेटे के साथ इंग्लैंड से भारत लौटी थी और इन दोनों को दिल्ली में क्वारनटीन किया गया था। यूनाइटेड किंगडम से दिल्ली पहुंचने पर दोनों को क्वारनटीन किया गया तो दोनों राष्ट्रीय राजधानी से बचकर निकल गए और फिर एपी एक्सप्रेस के जरिए अपने घर आंध्र प्रदेश पहुंच गए। अधिकारियों ने जब महिला को तलाशा तो उनके बारे में पता चला कि उन्हें कोरोना के नए स्ट्रेन के लक्षण हैं।

भारत में कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन के कुल 6 मामले सामने आए हैं। इनमें से तीन बेंगलुरु, 2 हैदराबाद और एक पुणे की लैब के जांचे गए सैंपल में नया स्ट्रेन पाया गया है।