आंध्र प्रदेश: केमिकल फैक्ट्री में एसिड लीक के बाद फटा बॉयलर, 6 की मौत, 12 घायल

आंध्र प्रदेश के एलुरू जिले में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक केमिकल फैक्ट्री में आग के बाद बॉयलर फट गया। जिसकी वजह से 6 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। एलुरू के एसपी राहुल देव शर्मा ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि फैक्ट्री में नाइट्रिक एसिड और मोनो मिथाइल का रिसाव हो गया था। उसी ने आग पकड़ ली और हादसा हो गया।

एलुरू के अक्किरेड्डीगुडेम में पोरस लैब में ये वारदात रात करीब 11:30 बजे हुई। फैक्ट्री में दवाओं में काम आने वाली सामग्री बनाई जा रही थी। उसी दौरान बॉयलर में कुछ गड़बड़ी के बाद एसिड लीक होने लगा। उसके बाद जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। फैक्ट्री में उस वक्त नाइट शिफ्ट में कई लोग काम कर रहे थे, जो धमाके और आग की चपेट में आ गए। एसपी ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। 12 लोगों के घायल होने की जानकारी भी दी है।

अधिकारियों का कहना है कि इस बात की जांच की जा रही है कि एसिड लीक कैसे हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मरने वाले सभी लोग बिहार के रहने वाले थे। आंध्र प्रदेश सरकार ने मरने वालों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। गंभीर रूप से घायलों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। बाकी जख्मी लोगों को 2-2 लाख रुपये मिलेंगे।