विधानसभा बजट सत्र के बीच आज मंगलवार शाम 4:00 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में भजनलाल सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। कैबिनेट बैठक से पहले, दोपहर 12:00 बजे राजस्थान सरपंच संघ द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत अभिनंदन किया जाएगा।
प्रस्तावों पर लगी मुहर:हालांकि कैबिनेट बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी तक जारी नहीं किया गया है, लेकिन विधानसभा सत्र के बीच हो रही इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार केवल कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है, जबकि मंत्री परिषद की बैठक नहीं हुई है। ऐसे में यह अनुमान जताया जा रहा है कि इस बैठक के दौरान सरकार विधानसभा क्षेत्र में रखे जाने वाले बिलों को अनुमोदित करेगी। कई विभागों के प्रस्तावों को इस कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
बैठक में धर्मांतरण रोकथाम के विधेयक के प्रारूप का अनुमोदन संभव है। इसके अलावा सहकारिता सोसाइटियों से संबंधित नए प्रावधान, टाउनशिप पॉलिसी, युवा नीति सेवा नियम में संशोधन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक में राजस्थान सरकार के आगामी बजट को लेकर भी अहम चर्चा की संभावना है, खासतौर से पिछले दिनों बजट सुझाव बैठक में आए सुझावों पर विचार करके उन्हें बजट में शामिल किया जा सकता है। केंद्र सरकार का बजट पेश होने के बाद अब सभी की निगाहें राजस्थान सरकार के बजट पर टिकी हैं। यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पहले शासन कार्यकाल का दूसरा पूर्ण बजट होगा।
सरपंच जताएंगे सीएम का आभार:कैबिनेट बैठक से पहले, दोपहर 12:00 बजे राजस्थान सरपंच संघ की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राजस्थान सरपंच संघ के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर गढ़वाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन जयपुर में पंचायतीराज सशक्तिकरण एवं अभिनंदन समारोह के रूप में किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान के निवर्तमान सरपंच, नवनियुक्त प्रशासक और पंचायत राज के अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
संघ के मुख्य प्रवक्ता रफीक पठान ने बताया कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा जिन सरपंचों का कार्यकाल समाप्त हुआ था, उन्हें प्रशासक नियुक्त करने के आदेश जारी किए गए थे, जिसके बाद राज्य भर के सरपंचों और वार्ड पंचों में खुशी का माहौल है। इसी संदर्भ में नव नियुक्त प्रशासकों (निवर्तमान सरपंचों) ने जयपुर में पंचायतीराज सशक्तिकरण एवं अभिनंदन समारोह आयोजित कर राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करने का निर्णय लिया है।