संग खाने-पीने से भी फैल रहा संक्रमण, एक ही पब में गए 95 लोग निकले कोरोना पॉजिटिव

दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 करोड़ 4 लाख 13 हजार 558 हो गई है। इनमें 56 लाख 69 हजार 594 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 5 लाख 08 हजार 250 लोगों ने जान गंवाई हैं। अमेरिका में 24 घंटे में 41 हजार 586 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 338 लोगों की जान गई है। देश में अब तक 26 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 1.28 लाख मौतें हो चुकी हैं। वहीं, अमेरिका में अलग-अलग दिनों में एक ही पब जाने वाले 95 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इसके बाद पब गए लोगों के संपर्क में आने से करीब 12 अन्य लोग भी संक्रमण के चपेट में आ गए। अब तक अमेरिका के मिशिगन के हार्पर रेस्त्रां और ब्रू पब से जुड़े कुल पॉजिटिव केस की संख्या 107 हो चुकी है। हालांकि, अभी मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।

nytimes.com की रिपोर्ट के मुताबिक, पॉजिटिव पाए गए सभी लोग 12 से 20 जून के बीच पब गए थे। सभी पॉजिटिव व्यक्ति 15 से 28 साल की उम्र के हैं। अब तक ज्यादातर लोगों में हल्के लक्षण ही दिखे हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी ने उन लोगों से मदद मांगी है जो संबंधित तारीख को पब में गए थे। लोगों से अपील की गई है कि अगर वे 12 से 20 जून के बीच पब गए थे तो घर में ही रहें।

बता दे, अमेरिका के मिशिगन में रेस्त्रां और पब को इस शर्त पर खोलने की अनुमति दी गई थी कि कुल क्षमता के 50% से अधिक लोग एक साथ जमा नहीं होंगे लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आईं फोटोज में नजारा कुछ और ही दिखा। लोग बिना मास्क के पब पहुंच रहे थे।