हरियाणा : एक दिवसीय हड़ताल पर रहे साढ़े 4 हजार सफाईकर्मी, पहले किए गए फैसलों को लागू नहीं कर रही सरकार

हरियाणा में आज नगर पालिका, परिषद और निगमों में काम करने वाले सफाई कर्मचारी आज शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल पर रहे क्योंकि सरकार पहले किए गए फैसलों को लागू नहीं कर रही हैं जिसके चलते कर्मचारी बेहद खफा हैं। ऐसे में कर्मचारियों ने कहा कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। सरकार से सभी मांगों पर सहमति भी बन चुकी है। लेकिन सरकार के अधिकारी लिखित में आदेश जारी नहीं कर रहे हैं, इसकी वजह से कर्मचारियों में काफी रोष है। कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर जल्दी उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

रेवाड़ी, नारनौल, महेंद्रगढ़, झज्जर व बहादुरगढ़ में सफाई कर्मचारियों ने शहरभर में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बहादुरगढ़ में कर्मचारी नेता राजपाल का कहना है कि सरकार पहले किए गए फैसलों को लागू नहीं कर रही है। यूनियन कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और ठेका प्रथा बंद करने की मांग पिछले काफी समय से करती आ रही है। इतना ही नहीं रिस्क अलाउंस और अन्य मांगों को लेकर भी धरना प्रदर्शन जारी है।

मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी पिछले तीन दिनों से क्रमिक अनशन भी कर रहे हैं, जिनमें रोजाना 8 से 10 कर्मचारी एक दिन के लिए भूख हड़ताल भी कर रहे हैं। शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल के साथ जोरदार प्रदर्शन भी किया। रेवाड़ी में नगर परिषद के गेट पर सैकड़ों कर्मचारी सुबह ही एकत्रित हुए। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।