मावली क्षेत्र के आसोलिया की मादड़ी के पास सुखवाड़ा रोड पर मंगलवार रात को शराब की दुकान से 5 लाख 66 हजार रुपए की शराब चोरी हो गई। शराब दुकान के संचालक किशनलाल खटीक ने बताया कि चोरों ने दुकान के आगे के दरवाजे पर ताला था। आगे वाले दरवाजे पर चार ताले लगे थे।
इनमें से दो तोड़ दिए, लेकिन दो ताले तोड़ नहीं पाए। इसके बाद वे मकान के पीछे वाले दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद शराब की दुकान के पीछे दो और गेट के ताले तोड़े। नकूचे निकाल दिए। बीयर की 66 पेटी, देसी शराब की 102 पेटी, अन्य ज्यादा कीमत की 50 बोतलों सहित विभिन्न किस्मों की शराब के पव्वे, अद्धे, बोतलें चोरी कर ले गए। सेल्समैन सुबह पौने दस बजे दुकान खोलने पहुंचा तो चोरी का पता लगा।दुकान पर रोज सेल्समैन सोता है, लेकिन मंगलवार रात को वह घर चला गया था। शराब की दुकान के पास किसी वाहन के टायर के निशान भी मिले हैं। माना जा रहा है कि चोर साथ में वाहन लेकर आए थे। इतनी मात्रा में शराब वाहन में ही भरकर ले जाने की संभावना जताई जा रही है।
सूचना पर मावली थानाधिकारी चंद्रशेखर जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे। मौका-मुआयना किया। पुलिस ने चोरों का पता लगाने के लिए आसपास में तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग पाया। शराब का ठेका मकान में बनी दुकान में चल रहा है। शराब की दुकान के अंदर एक तथा दो कैमरे बाहर लगे थे। बदमाश तीनों कैमरे तथा रिकॉर्डिंग में काम आने वाला डीवीआर तोड़कर ले गए। इस कारण चोरों का पता नहीं चल पाया है।