राजस्थान के बाद बिहार में कोरोना वायरस का मामला, चीन से लौटी छात्रा PMCH में भर्ती

चीन से फैले कोरोना वायरस ने भारत में भी कदम रख लिया है। जहां राजस्थान के जयपुर से रविवार को कोराना वायरस का संदिग्ध मरीज सामने आया था वहीं चीन के तेनजिंग प्रांत से शिक्षा ग्रहण कर भारत वापस लौटी एक छात्रा में कोरोना वायरस (Coronavirus) के लक्षण मिलने का मामला सामने आया है। युवती को पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। युवती बिहार के छपरा की रहने वाली है और कुछ ही दिन पहले चीन से लौटी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि छात्रा एकता कुमारी को एहतियातन ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और उसमें किसी तरह की किसी दिक्कत वाली बात नहीं है। हालांकि, उसकी विस्तृत जांच के लिए पटना के पीएमसीएएच (PMCH) ले जाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि शांति नगर की रहने वाली एकता कुमारी तेनजिंग प्रांत में रिसर्च की पढ़ाई कर रही है और हाल ही में वहां कोरोना वायरस के संक्रमण की खबरों के बीच वह वापस इंडिया लौटी। कोलकाता में विमान से उतरने के बाद एकता छपरा पहुंची जहां उसे हल्का बुखार महसूस हुआ, जिसके बाद चिकित्सकों के जानकारी में यह बात आई और उसे छपरा सदर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया।
सिविल सर्जन माधवेश्वर झा ने बताया की छात्रा को अभी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। चूंकि छपरा में कोरोना वायरस से संबंधित जांच की व्यवस्था नहीं है, इसलिए उसे सोमवार को पटना के पीएमसीएच भेजा जाएगा जहां उसकी विस्तृत जांच की जाएगी। चीन (China) के कोरोना वायरस ने अमेरिका सहित एक दर्जन देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। दुनिया के सभी देश इससे निपटने की कोशिश में लगे हुए हैं।

जयपुर में भी एक संदिग्ध

रविवार को जयपुर में कोराना वायरस का संदिग्ध मरीज सामने आया है। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कोरोना वायरस से पीड़ित लड़का चीन में पढ़ रहा है। इस बीमारी का लक्षण मिलने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जयपुर के एसएमएस अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डीएस मीणा ने पुष्टि की है कि एक मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। उन्होंने बताया कि उसका सैम्पल टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। अभी कोरोना वायरस के मामले की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं रविवार को विदेश मंत्रालय ने कहा कि अब तक चीन में कोई भी भारतीय कोरोना वायरस के प्रकोप से प्रभावित नहीं हुआ है। बीजिंग स्थित दूतावास सभी भारतीयों के साथ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स के संपर्क में है। वुहान और हुबेई प्रांत से भी लगातार अपडेट लिए जा रहे हैं।चीन में घातक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 80 हो गई। अब तक इसके चपेट में 2700 से ज्यादा लोग आए हैं।

बताया जा रहा है कि इनमें से 324 लोगों की हालत नाजुक है। स्वास्थ्य प्रशासन ने संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए लगभग 23,500 लोगों का परीक्षण किया है, जिनमें से 21,500 लोगों में किसी भी लक्षण को देखने के लिए उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। चीन के 34 में से कम से कम 25 प्रांतीय खंडों में स्वास्थ्य का उच्चतम आपातकाल घोषित कर दिया गया है। हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान जो 1.1 करोड़ आवादी वाला शहर है और संक्रमण का मुख्य केंद्र हैं के महापौर ने रविवार को बताया कि 56 लोगों की मौत हुई है 1975 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि शहर में 1,000 नए मरीजों की आशंका है।