मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, ओडिशा की तरफ बढ़ रहा है एक और तूफान

भारत में अम्फान और निसर्ग के बाद अब एक और चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) के ऊपर कम दबाव का एक क्षेत्र बन गया है। हालाकि, अभी पक्के तौर पर यह नहीं कहा जा सकता है कि ये कम दबाव चक्रवाती तूफान का रूप लेगा या नहीं। लेकिन मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 4-5 दिनों तक इस पर नजर रखी जाएगी।

10-11 जून को ओडिशा के तट से टकराएगा

दरअसल, समंदर में कम दबाव का क्षेत्र आमतौर पर किसी भी तूफान का पहला स्टेज होता है। अगर ये चक्रवाती तूफान में तब्दील नहीं भी होता है तो भी तटीय इलाकों में तेज बारिश की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि कम दबाव का क्षेत्र अगले सप्ताह ओडिशा की ओर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 10-11 जून में बंगाल की खाड़ी की तरफ से ओडिशा के तट पर यह तूफान दस्तक दे सकता है। इसके बाद मॉनसून शुरू हो जाएगा।

एक महीने में 2 चक्रवाती तूफान

पिछले एक महीने के अंदर भारत में दो चक्रवाती तूफान आ चुके हैं। पहला तूफान पिछले महीने बंगाल और ओडिशा में आया था। इस तूफान से बंगाल और ओडिशा में भारी नुकसान हुआ था। अकेले बंगाल में कम से कम 80 लोगों की मौत हो गई थी। ये भारत में इस सदी का पहला सुपर साइक्लोन था। हालांकि बाद में हवा की रफ्तार कम हो गई थी। इसके बाद इसी हफ्ते अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने से निसर्ग ने तबाही मचाई थी। महाराष्ट्र और गुजरात में इससे भारी नुकसान हुआ। इस चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसके बाद यह तूफान देश के अंदरूनी हिस्सों की तरफ बढ़ गया। फिलहाल उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश जारी है।