तालिबान का नया फरमान, सरकारी कर्मचारियों के लिए दाढ़ी रखना अनिवार्य, लंबा और ढीला कुर्ता पायजामा पहनने का भी दिया आदेश

अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद तालिबान महिलाओं को लेकर कई अजीब फरमान जारी कर चुका है। इनमें के महिलाओं के अकेले सफर करने पर मनाही और स्कूल न जाने के आदेश शामिल हैं। इसके अलावा दुकानों के बाहर से महिलाओं की तस्वीर वाले बोर्ड हटा दिए गए थे। तालिबान इन सब के पीछे इस्लामी नियमों का हवाला देता है। वहीं, अब तालिबान हुकूमत ने नया फरमान जारी कर सरकारी कर्मचारियों के लिए दाढ़ी रखना अनिवार्य कर दिया है। सोमवार को बिना दाढ़ी वाले सरकारी कर्मचारियों को आफिस आने से रोक दिया गया इसके साथ ही उनके ड्रेस कोड की भी जांच की गई। अफगानिस्तान के धार्मिक मंत्रालय ने सरकारी कर्मचारियों को दाढ़ी न हटाने और स्थानीय पोशाक जिसमें लंबा और ढीला कुर्ता पायजामा पहनने का आदेश जारी किया है।

इसके साथ ही उन्होंने एयरलाइंस को भी आदेश जारी किया है कि अगर महिलाओं के साथ कोई पुरुष रिश्तेदार न हो उन्हें फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया जाए। इससे पहले एक जारी एक आदेश में महिला और पुरुषों के एक ही दिन अम्यूज्मेंट पार्क जाने पर रोक लगा दी गई थी। तालिबान ने पब्लिक पार्कों में महिलाओं और पुरुषों की एंट्री के लिए अलग-अलग दिन निर्धारित किये हैं। यानी महिलाओं के लिए निर्धारित दिनों ने पुरुषों की एंट्री बैन होगी और पुरुषों के लिए निर्धारित किए गए दिनों में महिलाओं की। तुगलकी फरमान के तहत अब हफ्ते में 3 दिन (रविवार, सोमवार और मंगलवार) सिर्फ महिलाएं और बाकी 4 दिन (बुद्धवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार) पुरुषों को पार्क के अंदर जाने की इजाजत होगी। वहीं, महिलाओं को अपने 3 दिनों में हिजाब पहनना भी जरूरी होगा।