चित्तौड़गढ़ : विकट मोड़ पर असंतुलित होकर पलटी वैन, दो बच्चों सहित 8 लोग घायल

सोमवार शाम जिले के सदर थाना क्षेत्र में घोसुण्डा-हापावास मार्ग के विकट मोड़ पर हादसा देखने को मिला जिसमें वैन असंतुलित होकर पलट गई और उसमें बैठे दो बच्चों सहित 8 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को संभाला। फोन कर घोसुण्डा चिकित्सालय से एंबुलेंस मंगवाई तथा घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया। पारलिया निवासी भगवतीलाल शर्मा ने बताया कि इस विकट मोड पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। इन कुछ दिनों में ही अब तक चार से पांच वाहन दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। हादसे में दो बच्चों, चार महिलाओं सहित कुल आठ जनों को चोट लगी, जिन्हें चिकित्सालय ले जाया गया।
जानकारी में सामने आया कि घोसुण्डा-हापावास मार्ग पर एक विकट मोड़ है। यहां पर यह वैन असंतुलित होकर पलट गई। इस वैन में भीलवाड़ा जिले के गुरला निवासी चार महिलाएं, दो पुरुष व दो बच्चे सवार थे। हादसे की जानकारी मिली तो आसपास के गांवों में रहने वाले भगवतीलाल शर्मा, नानू गाडरी, ललित शर्मा, प्रहलाद डांगी, नारायण डांगी, पूरण तेली, नारायण शर्मा प्रकाश डांगी आदि ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला।