दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के कैंपस में आज शाम जमकर हिंसा हुई। जेएनयू छात्र संघ (JNUSU) ने दावा किया कि स्टूडेंट्स यूनियन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बीच झड़प हुई है। जेएनयू छात्र संघ (जेएनयूएसयू) अध्यक्ष आइशी घोष पर भी हमला किया गया। इस हमले में आइशी घोष के सिर में गंभीर चोट आई है। इस हिंसा में दोनों छात्र संगठनों के करीब 25 छात्र घायल हुए हैं।
दरअसल, जेएनयू टीचर्स असोसिएशन ने एक मीटिंग बुलाई थी, जिसमें हंगामा हो गया। छात्रसंघ ने दावा किया है कि उनकी अध्यक्ष आइशी घोष और कई दूसरे स्टूडेंट्स को ABVP के सदस्यों ने पीटा है। पथराव भी किया गया है। झड़प के दौरान की कुछ तस्वीरें और विडियो भी सामने आए हैं, जिसमें छात्रसंघ की अध्यक्ष खून से लथपथ दिखाई दे रही हैं। एक तस्वीर में टीचर भी घायल दिखी हैं।
वहीं, दूसरी ओर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने लेफ्ट के छात्र संगठनों एसएफआई, आइसा और डीएसएफ पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। जेएनयू में एबीवीपी के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार ने कहा, 'जेएनयू में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर लेफ्ट के छात्र संगठनों एसएफआई, आइसा और डीएसएफ से जुड़े लोगों ने हमला किया है। इस हमले में एबीवीपी से जुड़े करीब 15 छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं।
एक विडियो में साफ दिखाई देता है कि हमलावर चेहरे पर मास्क लगाए हुए हैं। उनके हाथों में डंडे भी दिखाई दे रहे हैं। लेफ्ट की छात्र ईकाई ने ABVP पर हमले के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि फीस वृद्धि के फैसले के खिलाफ पिछले दो महीने से जेएनयू के स्टूडेंट प्रदर्शन कर रहे हैं। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेफ्ट की छात्र ईकाई के कार्यकर्ता और जेएनयू के टीचर्स फीस वृद्धि के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे थे और इसी दौरान मारपीट हुई है। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में मास्क लगाकर लड़के घुसे और उन्होंने लाठी से हमला किया। इस दौरान टीचर्स पर भी हमला किया गया है और वहां मौजूद कारों को भी तोड़ा-फोड़ा गया है। कुछ तस्वीरों में लड़कियां भी हाथ में डंडे और चेहरे पर नकाब लगाए दिख रही हैं। उधर, बॉलिवुड अभिनेत्री और जेएनयू की पूर्व स्टूडेंट्स स्वरा भाष्कर ने इस मुद्दे पर ट्वीट करते हुए पूछा है कि यूनिवर्सिटी में यह सब क्या चल रहा है।
जेएनयू में हिंसा को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि जेएनयू में हिंसा की खबर से हैरान हूं। स्टूडेंट्स पर हमला किया गया है। पुलिस को फौरन हिंसा रोकनी चाहिए और शांति कायम करनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया, 'अगर हमारे छात्र विश्वविद्यालय कैंपस में सुरक्षित नहीं रहेंगे तो देश कैसे आगे बढ़ेगा।'