नागौर : पिकअप चालक को पिस्तौल दिखा लूट का मामला, हाथ नहीं आया आरोपियों का कोई सुराग

बीकानेर में सब्जी बिक्री के बाद वापस जोधपुर लौटते समय सदर थाना इलाके की बासनी पुलिया के पास एक पिकअप चालक को पिस्तौल एवं चाकू दिखाकर लूट की वारदात करने वाले आरोपियों का सोमवार को दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा।

वारदात काे अंजाम तीन आरोपियों ने दिया, लेकिन चाकू एवं पिस्तौल दो जनों के ही हाथों में थे। तीसरा आरोपी कार से नीचे नहीं उतरा। आरोपियों के पास नागौर जिला परिवहन विभाग से पासिंग नंबरों की कार थी। बिलाड़ा हाल जोधपुर जिले के मंडोर थाना इलाके के अगर माता का थान पूजला निवासी गणपत सिंह विश्नोई पुत्र विरमा राम ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि वारदात 9 जनवरी की है। वह अपनी पिकअप से सब्जी लेकर बीकानेर मंडी में खाली करने गया था। इसके बाद वह वापस जोधपुर लौट रहा था।
यहां रास्ते में सदर थाना इलाके के गोगेलाव से रिंग रोड होते हुए वह बासनी पुलिया से आगे पहुंचा था। तभी पीछे से एक तेज गति के साथ सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आई और उन्होंने उक्त कार को पिकअप के आगे अड़ा दिया। इसके बाद कार से दो जने नीचे उतरे। उनके हाथों में पिस्तौल व चाकू थे। आरोपियों ने डरा धमकाकर उसको पिकअप से नीचे उतार लिया और उसकी जेब से साढ़े 7 हजार रुपए भी निकाल लिए शोर मचाने पर मारने की धमकी भी दी। आरोपियों ने उसकी पिकअप की चाबी व मोबाइल को भी निकाल लिया। भागते समय आरोपियों ने कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद पिकअप की चाबी को वहीं पटक दिया। इससे वह उनका पीछा नहीं कर सके। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।पीड़ित के अनुसार आरोपी नकाबपोश थे। तीनों ने मुंह बांध रखे थे, लेकिन वारदात को अंजाम देने के लिए कार से दो जने ही नीचे उतरे थे। तीसरा आरोपी कार में ही बैठा रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज गति के साथ फरार हो गए। इस वारदात की थाना पुलिस को रिपोर्ट भी दी है, लेकिन आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।