जयपुर : पुलिस ने धरदबोचा अफीम तस्कर, अपने ढ़ाबे से करता था ट्रक ड्राइवरों को सप्लाई

पुलिस मुस्तैदी से नशे के खिलाफ कारवाई कर रही हैं। इस कड़ी में अब पुलिस ने जयपुर से एक ढ़ाबे वाले को पकड़ा हैं जो ट्रक ड्राइवरों को अफीम की सप्लाई करता था। श्याम नगर थाना पुलिस ने इस कारवाई को अंजाम दिया। युवक ने चार महीने पहले ही हरमाड़ा में सीकर हाइवे के पास एक ढाबा खोला था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पुलिस के हत्थे चढ़ा यह स्मगलर जोधपुर में ड्रग्स पैडलर से 25 हजार रुपए में अफीम खरीदता था। इसके बाद ट्रैवल बसों में सफर कर जयपुर पहुंचकर मादक पदार्थ बेचता है। यहां मिलावट कर 10 ग्राम अफीम 1500 रुपए में बेचता है। इससे करीब 12500 रुपए का मुनाफा कमाता है। तस्कर के कब्जे से 240 ग्राम अफीम और 2 किलो 800 ग्राम डोडा बरामद किया है।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अजयपाल लांबा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अशोक विश्नोई (22) है। वह जोधपुर में डांगियावास का रहने वाला है। यहां जयपुर में सीकर हाइवे पर हरमाड़ा इलाके में टोडी मोड के पास जोधपुर- बाड़मेर नाम से ढाबा चलाता है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम में तैनात कांस्टेबल पवन काजला और अनिल कुमार को अशोक विश्नोई के बारे में सूचना मिली थी।तब एडीशनल डीसीपी सुलेश चौधरी के निर्देशन में सीएसटी के इंस्पेक्टर खलील अहमद, एएसआई पुरुषोत्तम सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने निगरानी रखी। जोधपुर से जयपुर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने श्याम नगर थानाप्रभारी संतरा मीणा को सूचना दी। इसके बाद अजमेर रोड पर 200 फीट बाईपास पर अशोक विश्नोई को धरदबोचा। उसके कब्जे से अफीम व डोडा बरामद कर लिया।