बीकानेर : कोरोना ने मचाया हाहाकर, 30 फीसदी पहुंची संक्रमण की दर, 822 नए मामले, 11 की मौत

कोरोना के बढ़ते मामलों ने शहर के माहौल में डर पैदा कर दिया हैं।हर दिन रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को जिले में 2997 लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी जांच में 822 लोग पॉजिटिव आए हैं। अब तक कुल 90353 सैंपल की जांच में 11164 कोरोना के केस आ चुके हैं। इनमें से 10876 केस तो केवल अप्रैल के हैं। है। गुरुवार को 822 नए केस दर्ज हुए हैं। पीबीएम कोविड हॉस्पिटल में भर्ती 11 लोगों की मौत हो गई। इस प्रकार चार महीने में कोरोना से मौतों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है। बीकानेर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना केस लगातार बढ़ने के कारण माइक्रो कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ाकर 233 कर दी गई है। जबकि कंटेनमेंट जोन 9 ही हैं।

कुल एक्टिव केस 8112 में से 7593 लोग होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। पीबीएम एमसीएच कोविड हॉस्पिटल में भर्ती रोगियों की संख्या अचानक बढ़कर 507 तक जा पहुंची है। यानी अब गंभीर मरीज बढ़ रहे हैं, जिनका ऑक्सीजन सेचुरेशन 90 से नीचे है। सीएमएचओ की रिपोर्ट में क्योर रेट 27.21% बताई है। उधर, गंगाशहर फिर हॉट स्पॉट बन गया है।

राजस्थान में कोरोना : रिकॉर्ड 17,269 नए मरीज, 158 की मौत, मुख्यमंत्री गहलोत भी संक्रमित

राजस्थान में पिछले 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 17,269 पॉजिटिव केस मिल हैं, जो एक दिन में मिले संक्रमित केसों में सर्वाधिक है। वहीं, कोरोना से एक दिन में 158 मरीजों की मौत भी हुई। बीते दिन 10,964 मरीज ठीक होकर घर को गए। राज्य में बीते दिन सबसे ज्यादा कोरोना मरीज मिले हैं। यहां 3602 मरीज मिले हैं और 32 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ सूबे के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी संक्रमित हो गए है। कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए सरकार राज्य में लगाए सशर्त लॉकडाउन को 3 मई से बढ़ाकर 15 मई तक कर सकती है। राजस्थान में संक्रमण बढ़ने के साथ रिकवरी रेट का ग्राफ भी धीरे-धीरे नीचे आ रहा है। बीते दिन राज्य की रिकवरी रेट गिरकर 70.11% पर पहुंच गई। उत्तराखण्ड के बाद राजस्थान ऐसा दूसरा ऐसा राज्य है, जहां सबसे कम रिकवरी रेट है। उत्तराखण्ड में रिकवरी रेट 68.80% है, जो देश में सबसे कम है।