ऑनलाइन ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं, खासतौर से इंटरनेट पर नंबर देख कस्टमर केयर से बात करने से जुड़े। ऐसा ही एक मामला सामने आया अजमेर से जहां अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर विस्तार में रहने वाली एक महिला से ग्राहक सेवा कार्ड बनाने के नाम पर महिला से बैंक डिटेल जान उसके खाते से 70 हजार रुपए निकाल लिए। महिला की रिपोर्ट पर क्रिश्चयनगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
क्रिश्चयनगंज थाने के एएसआई नाथूलाल ने बताया कि पुष्कर रोड पर रहने वाली सुनीता परिहार ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसने SBI ग्राहक सेवा केन्द्र के बारे में नेट पर जानकारी ली और जो नम्बर मिला तो उस पर सम्पर्क किया। इस पर ग्राहक सेवा कार्ड बनाने के लिए उसकी बैंक व अन्य डिटेल ली। इस दौरान उसके खाते से 70 हजार रुपए की निकासी हो गई। इसके बाद सुनीता ने बैंक से सम्पर्क किया तो पता चला कि उसके खाते से 70 हजार की निकासी हुई है, लेकिन बैंक इसमें कोई मदद नहीं कर सकता और इसके लिए पुलिस से सम्पर्क करने की बात कही। इस पर महिला ने थाने आकर रिपोर्ट दी और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।