महाराष्ट्र में फूटा कोरोना बम, भिवंडी के वृद्धाश्रम में 69 बुजुर्ग निकले संक्रमित

दुनिया में जहां कोरोना के नए वैरिएंट 'ओमिक्रॉन' के सामने आने के बाद से लोगों में दहशत है वहीं महाराष्ट्र के भिवंडी में कोरोना विस्फोट की खबर से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार भिवंडी के वृद्धाश्रम में कोरोना टीका लगवा चुके 69 बुजुर्ग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मुंबई से सटे ठाणे के भिवंडी में एक वृद्धाश्रम में रह रहे 69 वरिष्ठ नागरिक कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से सभी की हालत सामान्य है। इन बुजुर्गों के अलावा वृद्धाश्रम के पांच कर्मचारी और दो उनके परिवार के लोग भी चपेट में आए हैं। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सभी बुजुर्ग एवं कर्मचारियों को ठाणे जिला के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। इस वृद्धाश्रम में 100 से ज्यादा लोग रहते हैं। पिछले हफ्ते यहां कुछ लोगों में बुखार के लक्षण दिखने लगे थे। एक बुजुर्ग का कोरोना टेस्ट इसलिए कराया गया, क्योंकि इलाज शुरू करने के बाद भी उनका बुखार कम नहीं हुआ। इसके बाद एहतियात के तौर पर वृद्धाश्रम मैनेजमेंट ने सभी की टेस्टिंग करने का फैसला किया।

वृद्धाश्रम के एक कर्मचारी की बेटी को बुखार आया था

जानकारी के अनुसार वृद्धाश्रम के एक कर्मचारी की बेटी को बुखार आया था इसके बाद उस कर्मचारी की तबीयत भी थोड़ी खराब लग रही थी। जब जांच की गई तो दोनों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद से ही पूरे आश्रम में कोरोना फैल गया। वहीं संक्रमण की सूचना मिलते ही प्रशासन ने वृद्धाश्रम और उसके आस पास के इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।