कोरोना का संक्रमण राजस्थान में नियंत्रण में आता दिखाई दे रहा हैं जहां शनिवार को 39 दिन बाद संक्रमण की दर घटकर 10 फीसदी पर आ गई और राज्य में 6103 नये मरीज मिले है, जबकि 115 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में जयपुर को छोड़कर शेष सभी 32 जिलों में 500 से कम नये केस मिले है। वहीं 33 में से 26 जिले ऐसे है, जहां संक्रमण की दर 10 फीसदी से भी नीचे रही है। राज्य में जिस तेजी से कोरोना संक्रमण के केस कम आ रहे है उसकी तुलना में मौत की संख्या अभी भी ज्यादा है। शनिवार को 115 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है। इसमें जयपुर में 21, जोधपुर में 11, उदयपुर 8, पाली, अलवर में 7-7 और भरतपुर जैसलमेर में 5-5 मौत हुई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी कोरोना से मौत हुई है।
राज्य की जिलेवार स्थिति देखे तो सबसे ज्यादा 1900 पॉजिटिव केस जयपुर में मिले है और 21 मरीजों की इस बीमारी से डेथ हुई है। जयपुर में पॉजिटिविटी रेट भी 15 फीसदी दर्ज हुई है। हालांकि एक दिन पहले के मुकाबले जयपुर में कोरोना केसों की संख्या में 649 मरीजों की बढ़ोतरी हुई है। एक्टिव केसों की स्थिति देखे तो सबसे ज्यादा 26,983 जयपुर में है, जो राजस्थान के कुल एक्टिव केसों का 22 फीसदी है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में एक्टिव केस 10 हजार से भी कम है।प्रदेश में कोरोना की स्थिति देखे तो 33 में से 14 जिले ऐसे है, जिसमें 100 से कम संक्रमित केस आए है। इनमें से भी आधे ऐसे है, जिनमें 50 से कम केस है। 50 से कम केस वालों में सिरोही, बूंदी, बारां, सवाई माधोपुर, करौली, धौलपुर और जालौर जिले है। इन सभी जिलों में संक्रमण की दर भी 6 फीसदी से कम रही है। राज्य में शनिवार को जिलेवार पॉजिटिविटी रेट देखे तो सबसे ज्यादा 19 फीसदी जैसलमेर में है। यहां 1343 सैंपल की जांच की गई थी, जिसमें से 259 पॉजिटिव मिले है। वहीं सबसे कम दर जालौर में रही, जहां एक फीसदी से भी कम पॉजिटिविटी दर है। यहां 1179 में से केवल 9 ही सैंपल संक्रमित मिले है।