राजस्थान : कोरोना आंकड़ों को लेकर साल का पहला दिन रहा राहत भरा, 100 से पार कोई शहर नहीं

नया साल 2021 की शुरूआत कोरोना के नजरिये से कुछ सुकून भरी रही है। साल के पहले दिन राजस्थान में कोरोना के कुल 609 नए केस मिले हैं। खास बात ये रही कि लंबे समय बाद ऐसा रहा जब प्रदेश के किसी भी शहर में कोरोना के 100 से भी कम केस मिले हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से मिली रिपोर्ट को देखें तो शुक्रवार को तीन जिले ऐसे रहे, जहां एक भी कोरोना का मरीज सामने नहीं आया। इसमें बीकानेर, दौसा और हनुमानगढ़ जिला शामिल हैं।
जिलेवार कोरोना केसों की बात करें तो सबसे अधिक आज जयपुर में 91 मरीज मिले हैं। इसके बाद जोधपुर में 85, कोटा 78, भीलवाड़ा 44, डूंगरपुर 42, नागौर 37, अजमेर 25, बांसवाड़ा 15, बारां 13, बूंदी 15, झालावाड़ 12, पाली 15, राजसमंद 11, सीकर 12 और सिरोही में 19 नए मामले में मिले हैं। इसके अलावा शेष जिलों में 10 से कम मरीज मिले हैं।दिसंबर भी रहा राहत भरा, पहली बार घटी संक्रमण दर

इससे पहले बीते साल का आखिरी महीना भी कोरोना के लिहाज से राहत भरा रहा हैं। दिसंबर में कोरोना संक्रमितों की रफ्तार में 56 फीसदी की कमी आई। मार्च में कोरोना काल शुरू होने के बाद ये दिसंबर पहला ऐसा महीना रहा, जब कोरोना की संक्रमण की दर नीचे आई हैं। इसके अलावा दिसंबर में रिकवरी रेट भी 96 फीसदी को पार कर गई। इससे पहले नवंबर में ये दर 88.44 फीसदी पर थी, यानी रिकवरी दर 7.56 फीसदी बढ़ी हैं।