सीकर : शराबी युवकों को टोकना बनी जान की आफत, पत्थरों से पीटकर कर दी 60 साल के व्यक्ति की हत्या

कई लोग होते हैं जो गलत देखकर उस पर सवाल खड़े करते हैं। सीकर के उद्योग नगर थाने में देर रात एक शख्स ने, शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को टोका था जिसके चलते उन युवकों ने शक्स की पत्थरों से पीटकर कर हत्या कर दी। जिसमें मृतक का बेटा भी घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी अनुसार, उद्योग नगर थाना क्षेत्र की रानी सती रोड स्थित नट बस्ती में ओंम सिंह (60) का शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों से झगड़ा हो गया। इस दौरान आरोपियों ने ओम सिंह पर पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में ओम सिंह घायल हो गया। वहीं, बीच बचाव करने आए बेटे को भी चोटें आ गईं। घायल ओम सिंह को परिवार द्वारा कल्याण चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पत्थरबाजी में कच्ची बस्ती की महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे। पूरे मामले में परिवार द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया गया है। जिसके बाद उद्योग नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक ओम सिंह थड़ी नुमा दुकान पर सामान बेचता था।