गुजरात : 56 नए संक्रमितो के मुकाबले 196 हुए रिकवर, 98.61 प्रतिशत हुई रिकवरी दर

कोरोना की दूसरी लहर का कहर अब थमता नजर आ रहा हैं और ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा हैं। राज्य में कोविड-19 से ठीक होने की दर 98.61 प्रतिशत है। शुक्रवार को कोविड-19 के 56 नए मामले सामने आए और एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 196 लोग संक्रमण से मुक्त हो गए। विभाग ने कहा कि गुजरात में अब 1,356 मरीजों का इलाज चल रहा है, जिनमें से आठ मरीज वेंटिलेटर पर हैं। विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि एक और मरीज की मौत के साथ राज्य में कोरोना वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 10,073 हो गई। कुल मामले बढ़कर 8,24,147 हो गए और ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 8,12,718 हो गई।

देश में मौतों का आंकड़ा फिर 1000 पार, एक्टिव केस में आई 3,732 की कमी

देश में शुक्रवार को मौत के आंकड़े में अचानक बढ़ोतरी देखी गई। यह 9 दिन बाद 1,000 के पार पहुंच गया। इससे पहले 30 जून को 1,002 संक्रमितों ने जान गंवाई थी। बीते दिन यानी शुक्रवार को 1,206 मरीजों की मौत हुई है। हालांकि, मौत के केस में बढ़ोतरी की वजह महाराष्ट्र में पुरानी मौतों का एडजस्टमेंट है। यहां बीते 24 घंटे में 738 मौत रिकॉर्ड की गईं। वहीं, रोजाना मिलने वाले मरीजों की बात करे तो बीते दिन 42,648 नए मरीजों की पहचान हुई, 45,159 ठीक हुए। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 3,732 की कमी आई। अब 4 लाख 49 हजार 478 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। यह 105 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 26 मार्च को 4 लाख 49 हजार 449 एक्टिव केस थे।