राजधानी जयपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां एक मां ने अपनी ही नाबालिक बेटी का सौदा कर डाला और उससे 12 साल बड़े लड़के से जबरन शादी करवा डाली। शादी के बाद पति उसके साथ डेढ़ साल तक रेप करता रहा और गर्भवती हुई तो उसका अबॉर्शन करा दिया। विरोध करने पर मारपीट करने लगा। लगातार प्रताड़ना सहने से परेशान होने के बाद अपने पिता की मदद से वह पुलिस तक पहुंची। थाना प्रभारी सरोज के मुताबिक अनुसंधान में सामने आया है कि बच्ची के नाबालिग होने पर उसका बाल विवाह किया गया। कम उम्र होने पर भी पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जो दुष्कर्म माना गया है। पुलिस ने उसकी मां और पति को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक जयपुर निवासी लड़की अपनी मां के साथ रहती थी। उसके माता-पिता कई सालों से अलग ही रह रहे हैं। पीड़ित ने 8 सितंबर 2021 को ज्योति नगर थाने में शिकायती पत्र देकर बताया था कि 2019 में उसकी उम्र 15 साल थी। वह 10 वीं कक्षा में पढ़ाई करती थी। उसकी मां ने दो लाख रुपए में उसका सौदा एक व्यक्ति के साथ कर दिया। उसकी इच्छा के खिलाफ जबरन उसकी शादी करवा दी गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति उम्र में करीब 12 साल बड़ा है। शादी के बाद उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। परेशान होकर पीड़ित लड़की पुलिस के पास गई और पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया है।